परिचय

आजकल बच्चे मैदान में कम और कंप्यूटर के सामने ज्यादा नजर आते हैं। खाने में उन्हें जंक फूड ज्यादा पसंद आता है। नतीजा, कम उम्र में ही उन पर मोटापा असर दिखाने लगता है। बच्चों की ऐसी तस्वीरें परेशान करने वाली हैं और भविष्य में होने वाले बड़े संकट की ओर इशारा भी कर रही हैं।
बच्चों में पेट पर चर्बी तब जमा होती है जब वे ज्यादा कैलोरी लेते हैं, लेकिन उसके हिसाब से शारीरिक गतिविधि नहीं करते। आजकल बच्चों का पसंदीदा खाना जंक फूड और चॉकलेट है। इन चीजों का बच्चों की सेहत पर खासा दुष्प्रभाव पड़ता है। इससे बच्चों के शरीर पर फैट जमा होने लगता है। बच्चे यूं भी आउट डोर गेम्स की जगह वीडियो गेम और टीवी पर अधिक वक्त बिताते हैं। बच्चों के शरीर पर जमा चर्बी अस्थमा, हृदय रोग व स्लीप एपनिया की समस्या को पैदा करती है। बच्चों में निकला हुआ पेट कई अन्य स्वास्थ्य समस्याओं में इजाफा कर सकता है। इस बढ़े हुए पेट से छुटकारा पाने के लिए उसकी आदतों में सकारात्मक बदलाव लाना जरूरी है।